किशनगढ़, 01 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रक्तदान महादान की भावना को आत्मसात करते हुए स्वर्गीय राजकुमार लोढ़ा की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को किशनगढ़ में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अजमेर रोड स्थित अमित ऑटोमोबाइल्स परिसर में आयोजित इस शिविर में महिला-पुरूषों व युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई व मानवता का संदेश दिया। शिविर का शुभारंभ चंद्रकांता जैन ने स्वर्गीय राजकुमार लोढ़ा की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान परिवारजनों व उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन स्थल पर दिनभर सेवा, समर्पण व मानवता की भावना का वातावरण बना रहा।

युवाओं में दिखा विशेष उत्साह: रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। युवाओं, समाजसेवियों व रक्तदाताओं की सक्रिय भागीदारी से शिविर में कुल 151 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य राजकीय यज्ञनारायण चिकित्सालय के ब्लड बैंक की प्रशिक्षित टीम द्वारा किया गया। टीम ने सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए आयोजकों व रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अमित जैन, सुमित जैन, कल्पा जैन, शिल्पा जैन सहित लोढ़ा परिवार के सदस्य व अमित ऑटोमोबाइल्स का स्टाफ मौजूद रहा।

सेवा मूल्यों को समर्पित आयोजन: आयोजकों ने सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह शिविर स्वर्गीय राजकुमार लोढ़ा के सामाजिक मूल्यों, सेवा भावना व मानव कल्याण के विचारों को समर्पित है। शिविर ने जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराकर समाज में संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। गौरतलब है कि स्वर्गीय राजकुमार लोढ़ा केकड़ी के मूल निवासी है तथा जिनशासन रत्न स्वर्गीय विद्याकुमार लोढ़ा के पुत्र है।



