Site icon Aditya News Network – Kekri News

महाराष्ट्र में मिली 5 दिन पहले गायब नाबालिग, पुलिस ने पुणे पहुंचकर बालिका को किया दस्तयाब, बाल कल्याण समिति के समक्ष किया पेश

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 13 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुमशुदा बच्चों व नाबालिगों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरवाड़ थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने महाराष्ट्र के पुणे से एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि गत 9 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने सरवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 8 फरवरी की रात को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश के लिए अनुसंधान शुरू किया।

विशेष टीम का गठन: पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन तथा थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की सूचना के आधार पर बालिका की लोकेशन ट्रेस की। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुणे (महाराष्ट्र) पहुंचकर बालिका को दस्तयाब कर लिया।

सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश: दस्तयाब की गई बालिका को काउंसलिंग व अग्रिम प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) अजमेर के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब इस मामले में गहनता से अनुसंधान कर रही है कि बालिका पुणे तक कैसे पहुंची व इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। इस सफल कार्रवाई में स्वयं थानाधिकारी के अलावा हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल कमलेश (1322), कमलेश (2449) व महिला कांस्टेबल चिन्ता की अहम भूमिका रही।

Exit mobile version