Site icon Aditya News Network – Kekri News

माइंस क्षेत्र में फिर नजर आया पैंथर, पिंजरे के पास आकर लौटा, ट्रैप कैमरे में कैद हुई तस्वीर, वन विभाग की सुस्त चाल पर ग्रामीणों में आक्रोश

केकड़ी: मेवदाकलां में लगाए गए पिंजरे के सामने से गुजरता पैंथर।

केकड़ी, 13 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र के मेवदाकला माइंस इलाके में पैंथर की लगातार मूवमेंट से ग्रामीणों में भारी दहशत बनी हुई है। गुरुवार रात वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप कैमरे में पैंथर की तस्वीर कैद हुई है। हालांकि पैंथर पिंजरे के नजदीक तक आया व बिना फंसे वापस लौट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले करीब एक महीने से क्षेत्र में पैंथर सक्रिय है व अब तक एक दर्जन से अधिक पशुओं का शिकार कर चुका है। पैंथर के बार-बार दिखाई देने से आसपास के गांवों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग पैंथर को पकड़ने में अब तक विफल रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के पास पर्याप्त संसाधनों का अभाव है व लगाए गए पिंजरे भी प्रभावी साबित नहीं हो रहे हैं।

किसानों व पशुपालकों में बढ़ी चिंता: इन दिनों क्षेत्र में सरसों की फसल कटाई का कार्य जोरों पर है, लेकिन पैंथर की दहशत के चलते किसान अकेले खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। पैंथर की मौजूदगी के कारण किसान अब समूह बनाकर खेतों में काम करने को मजबूर है। वहीं पशु चराने वाले चरवाहों में भी भारी भय व्याप्त है। इसी के साथ पैंथर की सक्रियता से फसल कटाई का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने व पिंजरे की तकनीक में सुधार कर पैंथर को सुरक्षित पकड़ने की मांग की है।

Exit mobile version