Site icon Aditya News Network – Kekri News

रैन बसेरे के रियलिटी चेक में मिली अव्यवस्थाएं, गंदी बेडशीट्स देख न्यायाधीश ने जताई नाराजगी, केयर टेकर को दिए सुधार के निर्देश

केकड़ी: नगर पालिका में संचालित रैन बसेरा का निरीक्षण करते एडीजे प्रवीण कुमार वर्मा।

केकड़ी, 16 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर के निर्देशानुसार गुरुवार शाम को तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (संख्या-02) प्रवीण कुमार वर्मा ने नगर पालिका परिसर में संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश वर्मा ने रैन बसेरे में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। वहां बिछी गंदी बेडशीट्स (चादरों) को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि बेडशीट्स को नियमित रूप से साफ करवाया जाए ताकि वहां ठहरने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। साथ ही उन्होंने मौसम के अनुकूल पीने के स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

फील्ड ड्यूटी के दिए निर्देश: न्यायाधीश महोदय ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रैन बसेरे के केयर टेकर सांवरिया माली से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने रैन बसेरे की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए ताकि जरूरतमंद इसका लाभ ले सकें। इसी के साथ पालिका अधिकारियों को कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए जो प्रतिदिन शहर का दौरा करेंगे। वहीं फुटपाथ पर या खुले में सोने वाले बेसहारा व्यक्तियों को ढूंढकर उन्हें सम्मानपूर्वक रैन बसेरे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी तय की गई। गंदी बेडशीट्स के अलावा निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की अन्य व्यवस्थाएं माकूल (संतोषजनक) पाई गईं। न्यायाधीश वर्मा ने स्पष्ट किया कि कड़ाके की ठंड व विपरीत मौसम में किसी भी जरूरतमंद को छत व बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

Exit mobile version