Site icon Aditya News Network – Kekri News

बजरी से भरे डंपर की चपेट में आने से ट्रेलर चालक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे परिवारजन

केकड़ी: हादसे के बाद धरने पर बैठे ग्रामीण व परिवारजन।

केकड़ी, 04 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के समीपवर्ती मेहरूकला गांव में रविवार सुबह करीब 8 बजे एक बजरी से भरे डंपर की चपेट में आने से ट्रेलर ड्राइवर की मौत हो गई। घटना बजरी टीपी पाॅइंट के पास की है। बजरी स्टॉक के दौरान डंपर चालक ने बड़ा नयागांव बूंदी निवासी बहादुर सिंह (55) को कुचल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद डंपर चालक डंपर सहित मौके से फरार हो गया। इस बीच घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे तथा मुआवजे की मांग व हत्या का मामला दर्ज करने को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। परिजन ना तो थाने पहुंचे ना ही शव लेने पहुंचे। मृतक की पत्नी प्रकाश कौर और बेटे कलवंत सिंह सहित ग्रामीण मौके पर ही विरोध प्रदर्शन कर रहे है।

केकड़ी: मृतक बहादुर सिंह की फाइल फोटो।

लीजधारकों को शव उठाने से रोका: बताया जाता है कि बहादुर सिंह ट्रेलर चलाता था और बजरी स्टॉक पर आया था। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह घटना के बाद लीजधारक बिना किसी को सूचना दिए मौके से शव को अपनी कैंपर गाड़ी में ले जाने लगे। तभी मौके पर ग्रामीण पहुंच गए और उन्हें रोका। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची व शव को ले गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बीच परिवार वालों को कोई सूचना नहीं दी गई। उन्हें बाद में थाने से फोन किया गया। परिजन सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तब तक शव वहां से ले जाया जा चुका था। तब से परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर मौजूद है और किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार कर रहे है।

परिवार ने लीजधारक पर लगाया आरोप: मृतक के भांजे ने बताया कि हम सब परिवार वालों के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव यहां से गायब है। और हमें यह भी पता चला है कि आरोपी ड्राइवर को रोकने के बाद भी उसने दो तीन बार डंपर आगे-पीछे करके टक्कर लगाई गई। ऐसी क्या दुश्मनी थी। और कंपनी को ऐसा क्या भय था, जो उन्होंने अपने ड्राइवर को कहकर पहले ही शव को होस्पिटल पहुंचा दिया। हमें तो मौके पर आकर पता चल रहा है कि शव ले गए और फैसला भी हो गया। जब परिवार के सब लोग यहां है तो फिर फैसला कहां से हो गया। मौके पर मौजूद मृतक की पत्नी प्रकाश कौर ने बताया कि हमे नहीं पता क्या हुआ। शव को कहां ले गए। हमे तो बस वो आदमी चाहिए, जिसने इसको मारा। मृतक बहादुर सिंह (55 ) ट्रेलर ड्राइवर है। मृतक के परिवार में पत्नी प्रकाश कौर के एक बेटी और एक बेटा है। एक बेटे की पहले ही हादसे में मौत हो चुकी है।

केकड़ी: मौके पर पहुंचने के बाद बिलखता मृतक का भांजा।

मांगों को लेकर अड़े ग्रामीण: ग्रामीण सुबह से ही घटना स्थल पर मौजूद रहे। इस बीच उन्होंने लीजधारक के कैबिन पर हमला भी किया लेकिन तब वहां से लीजधारक के लोग भाग चुके थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने बजरी से भरे भारी वाहनों के गांव में आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने, डंपर चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, सदारा से मेहरूकला गांव तक क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराने और मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। इस मामले में सावर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी ने कहा कि में इस मामले में बाइट देना जरूरी नहीं समझता। स्थिति को देखते हुए मौके पर सावर तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव मौजूद है और परिजनों से बातचीत की कोशिश कर रहे है।

Exit mobile version