Site icon Aditya News Network – Kekri News

पंच कुण्डात्मक देवनारायण महायज्ञ व कलश स्थापना में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बालिका शिक्षा पर दिया जोर

केकड़ी: समीपवर्ती मेवदाखुर्द स्थित रडिया का देवजी में पंच कुण्डात्मक महायज्ञ के दौरान आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

केकड़ी, 07 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के मेवदाखुर्द गांव के पास स्थित रडिया देवनारायण स्थान पर शनिवार को एकदिवसीय पंचकुंडात्मक देवनारायण महायज्ञ एवं कलश स्थापना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महायज्ञ का शुभारंभ सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर रडिया देवनारायण स्थान तक पहुंची। कलश यात्रा के बाद हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमे एक दर्जन जोड़ों ने  वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दी। शुभ मुहूर्त में शनि महाराज की मूर्ति की स्थापना की गई। दोपहर बाद मंदिर शिखर पर भगवान देवनारायण के जयकारों के साथ कलश स्थापना की गई। जिससे पूरा माहौल “देवनारायण भगवान की जय” के नारों से गूंज उठा।

केकड़ी: समीपवर्ती मेवदाखुर्द स्थित रडिया का देवजी में आयोजित पंच कुण्डात्मक महायज्ञ के अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम का अभिनन्दन करते ग्रामीण।

बालिका शिक्षा पर दिया जोर: कार्यक्रम के दौरान धर्मसभा का आयोजन किया गया। जिसमे विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यज्ञ से वातावरण स्वच्छ और शुद्ध होता है। जिससे लोगों में धार्मिक चेतना का विकास होता है। विधायक गौतम ने भगवान श्री देवनारायण के सामाजिक समरसता के संदेश और मानव कल्याण के लिए उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से गुर्जर समाज के लोगों से बालिका शिक्षा पर अधिक से अधिक ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक बालिका अगर पढ़ती है, तो सात पीढ़ी को फायदा मिलता है। विधायक ने सभी से भगवान देवनारायण मंदिर से यह संकल्प लेकर जाने का आग्रह किया कि वे बालिका शिक्षा पर अवश्य ध्यान देंगे।

विकास कार्यों की घोषणा: इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मंदिर स्थल पर पानी की टंकी व 26 लाख रुपए की लागत से विशाल डोम बनाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान यज्ञ समिति की ओर से विधायक शत्रुघ्न गौतम का 51 किलो की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर सांवरलाल गुर्जर, रामकुंवार गुर्जर, मोलकिया सरपंच जयसिंह गुर्जर, कादेड़ा सरपंच रामस्वरूप गुर्जर, गोपाल गुर्जर, राधाकिशन गुर्जर, सुखलाल गुर्जर भराई सहित कई गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

केकड़ी: समीपवर्ती मेवदाखुर्द स्थित रडिया का देवजी में आयोजित पंच कुण्डात्मक महायज्ञ के दौरान मौजूद ग्रामीण।

दंगल कुश्ती रही आकर्षण का केंद्र: इस धार्मिक आयोजन का एक अन्य प्रमुख आकर्षण दंगल कुश्ती रही, जिसमें देश के कई नामी पहलवानों ने भाग लिया। महंत संजय दास (अयोध्या), बग्घा पहलवान (पंजाब), रोहित (हरियाणा), बाबा नागेंद्र दास (अयोध्या), प्रदीप (कुरुक्षेत्र), बिल्ला (हरियाणा), मोनू पहलवान (देहरादून), राहुल (यमुनानगर हरियाणा) व गोपाल (पंजाब) के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

Exit mobile version