केकड़ी, 22 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजपुरा रोड निवासी एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजय उर्फ अनिल घोसी (28) पुत्र राजेंद्र घोसी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक बीती रात अपने पशुधन की देखरेख व सारसंभाल करने के लिए राजपुरा रोड स्थित बाड़े में गया था। जब वह सुबह तक वापस घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान युवक बाड़े में लगे टिनशेड की एंगल से फंदे पर लटका हुआ मिला।
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित: परिजनों द्वारा आनन-फानन में युवक को नीचे उतारकर राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई किशन लाल चौधरी मय पुलिस टीम अस्पताल पहुंचे व शव को अपने कब्जे में लिया। शहर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच शुरू कर दी है।

