Site icon Aditya News Network – Kekri News

पत्नी के पीहर से न लौटने पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम; चाकू से हाथ की नस व गला काटकर युवक ने की जान देने की कोशिश, गंभीर हालत में अजमेर रेफर

केकड़ी: अजमेर के जेएलएन मेडिकल कॉलेज में उपचाररत युवक।

केकड़ी, 09 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के पीहर से वापस लौटने से इनकार करने पर क्षुब्ध होकर 19 वर्षीय युवक ने घर में रखे सब्जी काटने के चाकू से अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में युवक को उपचार के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरवाड़ निवासी कमलेश (19) पुत्र नवरत्न मजदूरी का कार्य करता है, जिसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। परिजनों के मुताबिक कमलेश की पत्नी कुछ समय पूर्व अपने पीहर चली गई थी। जब कमलेश ने उसे वापस ससुराल आने को कहा, तो उसने मना कर दिया। पत्नी के वापस न आने की बात से कमलेश मानसिक तनाव व डिप्रेशन में आ गया।

लहूलुहान हालत में देख मचा हड़कंप: सोमवार को इसी तनाव के चलते कमलेश ने आत्मघाती कदम उठाते हुए चाकू से अपना गला रेत लिया व हाथ की नसें काटने का भी प्रयास किया। युवक को लहूलुहान हालत में देखकर घर में हड़कंप मच गया। परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अजमेर रेफर कर दिया। वर्तमान में युवक का इलाज जारी है। सरवाड़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की छानबीन में जुटी है।

Exit mobile version