Thursday, June 19, 2025
Homeक्राइम न्यूजदोस्तों के साथ नहाने गए युवक की कुएं में डूबने से दर्दनाक...

दोस्तों के साथ नहाने गए युवक की कुएं में डूबने से दर्दनाक मौत, एसडीआरएफ ने 9 घंटे बाद निकाला शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

केकड़ी, 20 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के समीपवर्ती नाईखेड़ा गांव में शनिवार को दोस्तों के साथ नहाने गए 20 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाईखेड़ा निवासी महेंद्र रेगर पुत्र महावीर रेगर दोपहर के समय अपने चार साथियों के साथ गांव के एक कुएं पर नहाने गया था। दुर्भाग्यवश नहाते समय महेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही महेंद्र के दोस्तों ने ग्रामीणों को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस सूचना पाकर सदर थानाधिकारी नाहरसिंह मीणा पुलिस दल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। कुएं में पानी की अधिकता और गहराई के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई। पानी को खाली करने के प्रयास भी सफल नहीं हो सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने अथक प्रयास करते हुए देर रात करीब 9 बजे महेंद्र के शव को कुएं से बाहर निकाला।

केकड़ी: कुएं से शव बाहर निकालते एसडीआरएफ के जवान।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को महेंद्र के परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक महेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

RELATED ARTICLES