केकड़ी, 16 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संकल्प सत्य हो तो सिद्धि जरूर होती है। यह कहावत आज एकबार फिर से चरितार्थ हो गई। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने चुनाव जीतते ही संकल्प किया था कि जब तक नसीराबाद—देवली मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा नहीं हो जाती, वे पैरों में चप्पल जूते नहीं पहनेंगे। संकल्प में सत्यता थी, इसीलिए केकड़ी क्षेत्र के लोगों को सिर्फ सात माह में ही इतनी बड़ी ऐतिहासिक सौगात मिल सकी। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए नसीराबाद—सरवाड़—केकड़ी—देवली फोरलेन का निर्माण आगामी दो वर्षों में करने के लिए 650 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे संकल्प का सम्मान विधायक शत्रुघ्न गौतम के जन्मदिन से ठीक छह दिन पहले नसीराबाद देवली फोरलेन की ऐतिहासिक सौगात मिलने से जन्मदिन के जश्न का जोश कई गुना बढ़ गया है। फोरलेन के लिए राशि मंजूर होने का पता चलते ही गौतम के समर्थकों में खुशी की लहर छा गई। बताया जा रहा है कि 22 जुलाई को शत्रुघ्न गौतम का जन्मदिन केकड़ी में महर्षि उत्तम स्वामी महाराज के पावन सानिध्य में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर केकड़ी में बड़ा जश्न होगा। इसमे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शिरकत करेंगे। वे खुद अपने हाथों से गौतम को चप्पल पहनाकर उनके दृढ़ संकल्प का सम्मान करेंगे।
विकास को लगेंगे पंख विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि नसीराबाद देवली फोरलेन की घोषणा से केकड़ी क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केकड़ी के लोगों के मन की बात को समझकर ऐतिहासिक सौगात दी है। इसी के साथ वित्त मंत्री ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के टांटोटी को नगर पालिका एवं केकड़ी के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है। यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है।