Site icon Aditya News Network – Kekri News

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई: 48 पव्वे देशी मदिरा जब्त, महिला गिरफ्तार

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 24 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से देशी शराब के 48 पव्वे जब्त किए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआई बनवारीलाल मय जाप्ता गश्त व निगरानी के दौरान जयपुर रोड पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि श्मशान घाट के पास एक महिला अवैध शराब बेचने की फिराक में बैठी है। सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां श्मशान घाट के पास आम रास्ते पर एक महिला खाकी रंग का कार्टून लिए बैठी दिखाई दी। पुलिस जीप देखकर महिला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन महिला कांस्टेबल पिंकी व अन्य जाप्ते ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज: पूछताछ में महिला ने अपना नाम बन्नी देवी बताया। तलाशी लेने पर महिला के पास मौजूद कार्टून से हीर रांझा स्ट्रॉन्गब्रांड के 48 पव्वे देशी मदिरा बरामद हुए। शराब के परिवहन व कब्जे के संबंध में जब महिला से वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर महिला को धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। मौके की कार्रवाई के बाद आरोपी महिला व जब्तशुदा माल को थाने लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान एएसआई किशनलाल के सुपुर्द किया है।

Exit mobile version