Site icon Aditya News Network – Kekri News

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया बोराड़ा थाने का औचक निरीक्षण: परखी पुलिस की कार्यप्रणाली, पंजिकाओं व मालखाने का लिया जायजा

केकड़ी: बोराड़ा थाने का निरीक्षण करते अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भण्डारी।

केकड़ी, 24 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भण्डारी ने पुलिस थाना बोराड़ा का वार्षिक निरीक्षण कर कानून व्यवस्था व प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न शाखाओं का गहन अवलोकन किया व एसएचओ को कार्यक्षमता बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीएम भण्डारी ने थाने के मुख्य भवन, मालखाने व कार्यालय की विभिन्न पंजिकाओं (रिकॉर्ड) का निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में लंबे समय से लंबित पड़ी सामग्री के नियमानुसार व समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस बल को क्षेत्र में प्रभावी नाकाबंदी व गश्त जैसी गतिविधियों में अधिक दक्षता व सक्रियता लाने के निर्देश दिए।

हथियार लाइसेंसों की होगी कड़ाई से जांच: निरीक्षण के दौरान एडीएम ने हथियार अनुज्ञापत्रों (आर्म्स लाइसेंस) को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एसएचओ को निर्देशित किया कि थाने के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी लाइसेंस धारकों की सूची का मिलान उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कार्यालय के रिकॉर्ड से किया जाए। जिन लाइसेंस धारकों ने निर्धारित समय सीमा में अपने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है, उन्हें चिन्हित कर उनके लाइसेंस निरस्त करने की प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version