Thursday, March 26, 2026
Homeशासन प्रशासनअतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया सरवाड़ पुलिस थाने का निरीक्षण; अवैध खनन...

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया सरवाड़ पुलिस थाने का निरीक्षण; अवैध खनन व यातायात व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

केकड़ी, 25 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भण्डारी ने बुधवार को सरवाड़ पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा थानाधिकारी (एसएचओ) रामपाल शर्मा को कानून व्यवस्था व जनसुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीएम भण्डारी ने थाने के मुख्य भवन, मालखाने व रिकॉर्ड रूम में रखी विभिन्न पंजिकाओं (रजिस्टरों) का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण व रिकॉर्ड के व्यवस्थित रखरखाव पर बल दिया तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के कड़े निर्देश दिए।

जागरूकता अभियान चलाने पर जोर: एडीएम भंडारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने व चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जाए। साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। भण्डारी ने क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि अवैध खनन में लिप्त माफियाओं व परिवहन के विरुद्ध निरंतर निगरानी रखी जाए व उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

RELATED ARTICLES