Site icon Aditya News Network – Kekri News

एडीजे प्रवीण कुमार वर्मा ने रैन बसेरे का किया औचक निरीक्षण; बोले- खराब गीजर तुरंत सुधारें एवं फुटपाथ पर सोने वालों को रैन बसेरे पहुंचाएं

केकड़ी: नगर पालिका परिसर में संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचते एडीजे प्रवीण कुमार वर्मा।

केकड़ी, 23 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (संख्या-02) प्रवीण कुमार वर्मा ने मंगलवार को नगर पालिका परिसर में संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कड़ाके की ठंड को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरे में मूलभूत सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को मौसमानुकूल पीने के पानी की व्यवस्था करने तथा बिस्तर व बेडशीट की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश: एडीजे वर्मा ने रैन बसेरे में लगे खराब गीजर को लेकर नाराजगी जताई तथा उसे तत्काल रिपेयर करवाने की हिदायत दी, ताकि यहां ठहरने वाले व्यक्तियों को गर्म पानी की सुविधा मिल सके। न्यायाधीश वर्मा ने रैन बसेरे के केयर टेकर सांवरिया माली से आवश्यक जानकारी ली व रैन बसेरे के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि फुटपाथ एवं खुले में सोने वाले बेसहारा व्यक्तियों को रैन बसेरे तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने नगर पालिका की टीम को प्रतिदिन शहर का दौरा कर जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय स्थल पर पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई।

Exit mobile version