केकड़ी, 31 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद हालत बिगड़ने लगे हैं। शहर के वीवीआईपी इलाके में भी कचरे का अंबार लग गया है। सफाई व्यवस्था चौपट होने के बाद आम से लेकर खास तक सभी परेशान नजर आ रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मुख्य सड़कों और कॉलोनियों के डिपो से परिषद कचरा नहीं उठवा पा रहा है। उधर, सफाई कर्मचारी अब भी नई भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

ये है प्रमुख मांगे नगर परिषद में स्वास्थ्य शाखा से जुड़े कार्मिकों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा की जा रही सफाईकर्मी भर्ती में वाल्मीकि समाज एवं अस्थाई रूप से सफाई कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए। सफाई कर्मचारियों की भर्ती मस्टरोल के आधार पर की जाए। पहले एक साल तक कर्मचारी से काम करवाया जाए, उसके बाद नियुक्ति दी जाए। पूर्व की जिन भर्तियों में कोर्ट में मामला विचाराधीन है, या जिन पर निर्णय हो चुका है। उनमें नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएं।