Site icon Aditya News Network – Kekri News

क्रिकेट प्रतियोगिता: रोमांचक लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की राह साफ, 6 मार्च को होंगे मुकाबले

केकड़ी: क्रिकेट मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ी को सम्मानित करते अतिथि।

केकड़ी, 01 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अजमेर के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 (सीजन-1) के लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। केकड़ी में राजकीय महाविद्यालय खेल मैदान पर आयोजित इन मैचों में रोमांच की पराकाष्ठा तब देखने को मिली, जब एक मुकाबला लगातार दो सुपर ओवर तक खिंचा। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला सरवाड़ ब्लॉक व अराई ब्लॉक के मध्य खेला गया। अराई ब्लॉक ने निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए। जवाब में उतरी सरवाड़ ब्लॉक की टीम ने भी 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 90 रन ही बनाए। मैच टाई होने के बाद परिणाम के लिए लगातार दो सुपर ओवर खिलाए गए, जिसमें अंततः सरवाड़ ब्लॉक ने जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए राम कुमार कुमावत को मैन ऑफ द मैचचुना गया। लीग के अन्य मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

किशनगढ़ व सावर ने लगातार दर्ज की जीत: दूसरे मुकाबले में किशनगढ़ ने अराई ब्लॉक को शिकस्त दी। इस मैच में रामचंद्र खोड़ा मैन ऑफ द मैच रहे। तीसरे मुकाबले में भी किशनगढ़ ने अपना दबदबा कायम रखते हुए अराई ब्लॉक को हराया। इस बार अभिषेक दाधीच को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इसी प्रकार सावर टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। विजेता खिलाड़ियों को नर्सिंग अधीक्षक मदन लाल आलोरिया व आयोजन समिति के सुरेंद्र सिंह सोलंकी, रतन लाल सामरिया व दीपक साहू ने पुरस्कृत किया। मैचों के दौरान अंपायरिंग की भूमिका नियंत सामरिया व सरफराज हुसैन ने निभाई। लीग दौर की समाप्ति के बाद अब टूर्नामेंट अपने निर्णायक पड़ाव पर पहुंच गया है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले आगामी 6 मार्च को खेले जाएंगे।

Exit mobile version