Saturday, July 12, 2025
Homeसमाजअशोक नगर में तिलक दान के बाद गुणोदय पहुंचीं तीन विशाल प्रतिमाएं,...

अशोक नगर में तिलक दान के बाद गुणोदय पहुंचीं तीन विशाल प्रतिमाएं, भक्तिमय माहौल में श्रद्धालुओं ने की भव्य अगवानी

केकड़ी, 12 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा हाईवे पर स्थित निर्माणाधीन गुणोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में शनिवार को भगवान आदिनाथ की तीन विशाल प्रतिमाओं का भव्य आगमन हुआ। ये प्रतिमाएं मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में अशोक नगर में हुए तिलक दान संस्कार के बाद दो ट्रेलरों में लाई गई। इस अवसर पर अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। जिन्होंने इन पवित्र प्रतिमाओं का जोरदार स्वागत किया। गुणोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र के प्रवक्ता धनेश जैन ने बताया कि ये प्रतिमाएं जयपुर में बनकर तैयार हुई थी। तिलक दान संस्कार के लिए पहले इन प्रतिमाओं को मुनि सुधासागर महाराज के पास अशोक नगर ले जाया गया।

मुख्य मंदिर में स्थापित होगी प्रतिमाएं: अशोक नगर में मुनिश्री के पावन सानिध्य में महावीर प्रसाद पारसमल अशोक कुमार अजगरा परिवार एवं प्रदीप भैया के परिवार ने तिलक दान संस्कार संपन्न किया। ज्ञातव्य है कि मुनि सुधासागर जी महाराज के आशीर्वाद से राजस्थान में कई तीर्थ क्षेत्रों का निर्माण हो रहा है। जिनमें केकड़ी के निकट गुणोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र भी शामिल है। यहां एक विशाल मुख्य मंदिर के साथ-साथ 24 भगवानों के लिए 24 मंदिरों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। मुख्य मंदिर में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं में 18 फीट की पद्मासन भगवान आदिनाथ की भव्य प्रतिमा एवं दो अन्य 15 फीट की प्रतिमाएं शामिल हैं।

मार्ग के अनेक गांवों व शहरों में हुआ भव्य स्वागत: अशोक नगर से चली इन प्रतिमाओं का मार्ग में अनेक गांवों व शहरों में भी भव्य स्वागत हुआ। शनिवार को जब ये प्रतिमाएं गुणोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र पहुंचीं, तो उनका भव्य जुलूस के साथ आगमन हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया। धनेश जैन ने बताया कि बहुत जल्दी ही ये तीनों प्रतिमाएं मंदिर में विधि-विधान के साथ विराजमान की जाएंगी। इस शुभ अवसर पर अध्यक्ष ओमप्रकाश जैन, ओमप्रकाश मंगल, सदारा सरपंच गोविंद जैन, ताराचंद जैन, भागचंद रांटा, टीकम चंद रांटा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES