Site icon Aditya News Network – Kekri News

अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में अजगरा की बेटी ने किया केकड़ी का नाम रोशन, काव्या खांडल ने राष्ट्रीय कविता प्रतियोगिता में पाया प्रथम स्थान

केकड़ी: अजगरा निवासी काव्या खांडल को सम्मानित करते केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल।

केकड़ी, 16 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अहमदाबाद में अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2025 का आयोजन किया गया। अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘संविधान की धार, मर्यादाओं का हो आधार’ रखा गया था। इस अवसर पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में सेठ सूरजमल तापडिया आचार्य संस्कृत विद्यालय जसवंतगढ़ की छात्रा काव्या खांडल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। काव्या खांडल केकड़ी के समीपवर्ती अजगरा की रहने वाली है तथा ओज के सुप्रसिद्ध कवि उमेश उत्साही की पुत्री है। काव्या की इस उपलब्धि पर परिवारजन सहित ग्रामीणों ने खुशी का इजहार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि काव्या ने साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती है।

केंद्रीय मंत्री ने किया काव्या को सम्मानित: मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने काव्या को नेशनल अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अणुविभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दुगड़, अणुव्रत समिति लाडनूं के अध्यक्ष शांतिलाल बैद, मंत्री राज कोचर, संगठन मंत्री नवीन नाहटा, प्रचार-प्रसार मंत्री व प्रतियोगिता संयोजिका सपना भंसाली, उप संयोजक संजय मोदी सहित कई अन्य अतिथि मौजूद रहे। देशभर से विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में काव्या की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। काव्या ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर ने केवल अपने विद्यालय बल्कि अजगरा व केकड़ी क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है।

Exit mobile version