Homeक्राइम न्यूजबुजुर्ग पर चाकू से वार कर लूट की कोशिश, पुलिस ने मुख्य...

बुजुर्ग पर चाकू से वार कर लूट की कोशिश, पुलिस ने मुख्य आरोपी को चंद घंटों में दबोचा, अन्य की तलाश जारी

केकड़ी, 04 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग के साथ लूट का प्रयास करने और उन्हें घायल करने वाले आरोपी को घटना के मात्र 5 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लामगरा निवासी 71 वर्षीय सुवालाल दोपहर के समय देवलिया से चांपानेरी मुख्य सड़क के किनारे अपनी भैंसों को पानी पिला रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति वहां आए और बातचीत के बहाने उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया। आरोपियों ने उसके गले में पहना सोने का मांदलिया छीनने का प्रयास किया। जब बुजुर्ग ने मांदलिया को अपनी मुट्ठी में बंद कर लिया, तो आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की कलाई पर चोट आई। पीड़ित की लिखित रिपोर्ट पर थाना भिनाय में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन एवं थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मुख्य आरोपी असलम मोहम्मद (29) पुत्र तैयब निवासी नटराज टाकीज के पीछे, राजनगर, बिजयनगर को धर दबोचा। इस त्वरित सफलता में थानाधिकारी ओमप्रकाश के साथ, एएसआई रामाकिशन व गिरधारी सिंह, हेड कांस्टेबल बनवारीलाल व भागचन्द एवं कांस्टेबल महेश कुमार, ओम सिंह, मुकेश कुमार, शंकरलाल व सुरेश कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं और शेष आरोपियों के विषय में पूछताछ कर रही है।

RELATED ARTICLES