Saturday, March 7, 2026
Homeसामाजिकजीवदया अभियान: पक्षी चिकित्सा शिविर में बेजुबानों के जख्मों पर लगाया मरहम,...

जीवदया अभियान: पक्षी चिकित्सा शिविर में बेजुबानों के जख्मों पर लगाया मरहम, चिकित्सा टीम ने मांझे से कटे पक्षियों का किया उपचार

केकड़ी, 14 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मकर संक्रांति के पर्व पर आकाश में उड़ने वाले मूक पक्षियों की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक चुग्गाघर समिति द्वारा आयोजित विशेष चिकित्सा शिविर बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सब्जी मंडी स्थित चुग्गाघर परिसर में आयोजित इस शिविर में पतंगबाजी के घातक मांझे की चपेट में आए पक्षियों का त्वरित उपचार कर उन्हें नया जीवन दिया गया। राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के उपनिदेशक डॉ. अमित पारीक के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारी रामसिंह चौधरी व पशुधन निरीक्षक खुशीराम सैनी ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। चिकित्सा टीम सुबह से ही मुस्तैद रही तथा घायल अवस्था में लाए गए पक्षियों का कुशलतापूर्वक प्राथमिक उपचार व ड्रेसिंग की।

केकड़ी: पक्षी चिकित्सा शिविर में पक्षियों का उपचार करते चिकित्साकर्मी।

कबूतर, कोयल आदि का हुआ उपचार: सार्वजनिक चुग्गाघर समिति के अध्यक्ष प्रदीप लोढ़ा ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 11 पक्षियों का प्राथमिक उपचार किया गया। मांझे की चपेट में आकर घायल होने वाले पक्षियों में सर्वाधिक संख्या कबूतरों की रही, साथ ही कोयल व नन्ही गौरैया जैसे पक्षियों को भी उपचार देकर सुरक्षित किया गया। समिति के सचिव जितेन्द्र सिंघवी ने चिकित्सा टीम व शहर के उन जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने घायल पक्षियों को समय रहते शिविर में पहुंचाया। समिति के कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र लोढ़ा ने आमजन से अपील की है कि त्योहार बीतने के बाद भी यदि कहीं पेड़ों या तारों पर फंसा मांझा दिखे तो उसे हटा दें, ताकि भविष्य में होने वाली पक्षी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES