केकड़ी, 17 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री दिगम्बर चन्द्रप्रभु पाठशाला के तत्वावधान में जैन संत आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के द्वितीय समाधि दिवस के उपलक्ष में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नन्हे बच्चों ने सेवा व जीव दया का संकल्प लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ केसरिया झंडों के साथ निकले भव्य जुलूस से हुआ। हाथों में ध्वज लिए बच्चों ने आचार्य श्री के जयकारों के साथ क्षेत्र में उत्साह का संचार किया। इसके पश्चात बच्चों ने गोशाला पहुंचकर गायों को गुड़ व हरा चारा खिलाया तथा सब्जी मण्डी स्थित चुग्गाघर में पक्षियों को दाना डालकर जीव दया का पुनीत कार्य किया।
अस्पताल में फल वितरण: सेवा कार्यों की कड़ी में बच्चों ने राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। इस अवसर पर पुण्यार्जक त्रिलोक चंद भाल व मंजू बज द्वारा बच्चों को मिठाई व फल वितरित किए गए। पंडित विवेक शास्त्री के निर्देशन में आयोजित इन समस्त कार्यक्रमों में जीवन बज, मंजू बज, डिंपल बज, विजया पाण्ड्या व सुनीता बाकलीवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

