केकड़ी, 06 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के होनहार छात्र अर्हम कटारिया (पुत्र संजय कटारिया) ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक सफलता के लिए प्रतिष्ठित ‘ऑल इंडिया यंग जैना अवार्ड’ प्राप्त कर केकड़ी का नाम रोशन किया है। अर्हम को यह सम्मान राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा में वाणिज्य संकाय में केकड़ी शहर में सर्वोच्च अंक (93.6%) प्राप्त करने के लिए दिया गया है। अर्हम कटारिया ने यह सफलता श्री सुधासागर दिगम्बर जैन विद्या विहार केकड़ी में अध्ययन के दौरान अर्जित की थी।

पदमपुरा में आयोजित हुआ समारोह: यह सम्मान प्रख्यात दिगम्बर जैन संत मुनि क्षमासागर महाराज द्वारा प्रणीत संगठन विदिशा (मध्यप्रदेश) के मैत्री समूह की ओर से जयपुर के समीप श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा में आयोजित दो दिवसीय सिल्वर जुबली समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. रत्ना जैन (स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं कोटा की पूर्व मेयर) ने अर्हम कटारिया को यह प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया। यहां उल्लेखनीय है कि मैत्री समूह द्वारा जारी देश भर के प्रतिभावान विद्यार्थियों की सूची में सिद्धम कटारिया भी शामिल है।