Site icon Aditya News Network – Kekri News

शान से निकली बाबा महाकाल की शोभायात्रा, पुनेरी ढोल व अघोरी नृत्य ने मोहा मन, 31 क्विंटल गुलाल व 50 क्विंटल फूलों की हुई बरसात, प्रसाद में बांटे 5100 रुद्राक्ष

केकड़ी: पालकी में विराजित बाबा महाकाल की मनमहेश प्रतिमा।

केकड़ी, 15 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई। बाबा महाकाल सेवक समिति के तत्वावधान में आयोजित सवारी के पहले बस स्टैंड के पास पुरानी तहसील परिसर स्थित तत्कालेश्वर महादेव मंदिर में मनमहेशप्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शाही सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। यह सवारी पुलिस थाना, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, माणक चौक, सूरजपोल गेट, हरिजन बस्ती, भेरु गेट, बड़ा गुवाड़ा, सरसड़ी गेट, बस स्टैंड, बीजासण माता मंदिर से होते हुए वापस तत्कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

केकड़ी: बाबा महाकाल की शाही सवारी में उमड़ा जनसैलाब।

फूल व गुलाल से खेली होली: सवारी की व्यवस्थाओं में महाकाल के कई सेवक तैनात रहे। उज्जैनी तोप, अघोरी कलाकारों का नृत्य, डमरू-ताशे और मां काली व श्री सोमनाथ की विशेष झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिव बारात में अघोरी नृत्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इसमें विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव झांकियां भी शामिल थी। इस मौके पर ढोल, ताशे, डमरू, शंख सहित अन्य वाद्य यंत्र बजा कर गगन को गुंजायमान कर दिया। रास्ते में जगह-जगह फूलों व गुलाल से होली खेली गई।

शिव ताण्डव नृत्य ने मोहा मन: युवकयुवतियों ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। सवारी में अघोरी कलाकारों ने भगवान शिव के विभिन्न प्रसंगों के साथ शिव ताण्डव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। व्यापारिक संगठनों व सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत द्वार बनाकर पुष्पवर्षा से सवारी का स्वागत किया। इस दौरान 31 क्विंटल गुलाल व 50 क्विंटल फूलों की वर्षा की गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में 5100 रुद्राक्ष भी वितरित किए गए। पूरे मार्ग पर पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद थी। यह आयोजन शांतिपूर्ण व भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Exit mobile version