Site icon Aditya News Network – Kekri News

शाही लवाजमे के साथ निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी, सेवकों ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

केकड़ी: बाबा महाकाल की 'मनमहेश' प्रतिमा।

केकड़ी, 14 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बाबा महाकाल सेवक समिति के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। बाबा महाकाल की मनमहेशप्रतिमा के नगर भ्रमण को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार आयोजन को भव्य बनाने के लिए एक हजार से अधिक नए सेवकों को जोड़ा गया है।

पुनेरी ढोल व झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र: शाही सवारी के दौरान उज्जैनी तोप, अघोरी कलाकार, डमरू ताशे व मां काली व श्री सोमनाथ की विशेष झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव झांकियां भी शामिल होंगी। सवारी मार्ग पर भव्य रंगोलियां बनाई जाएंगी व जगह-जगह व्यापारी वर्ग व सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

31 क्विंटल गुलाल व 50 क्विंटल फूलों की होगी वर्षा: श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए इस बार शाही सवारी के दौरान 31 क्विंटल गुलाल व 50 क्विंटल फूलों की वर्षा करने की तैयारी की गई है। साथ ही प्रसाद के रूप में 5100 रुद्राक्षों का वितरण भी किया जाएगा। सुरक्षा व सुचारू संचालन के लिए विभिन्न मंदिर कमेटियों के सदस्यों को व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को दिनभर मंदिर परिसर में सेवकों को शुभ्र वस्त्र व पहचान पत्र वितरित किए गए।

यह रहेगा भ्रमण मार्ग: रविवार सुबह 9:15 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सवारी का प्रारंभ होगा। यह यात्रा तत्कालेश्वर महोदव मंदिर से रवाना होकर पुलिस थाना, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, माणक चौक, सूरजपोल गेट, हरिजन बस्ती, भेरु गेट, बड़ा गुवाड़ा, सरसड़ी गेट, बस स्टैंड व बीजासण माता मंदिर होते हुए पुनः तत्कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।

Exit mobile version