Site icon Aditya News Network – Kekri News

बापोड़ा हरियाणा ने फहराया जीत का परचम, राष्ट्रीय हॉकी के फाइनल मुकाबले में रतनदीप फूलियाकलां को दी शिकस्त, ठाकुर अभिनव बने टुर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

केकड़ी: मेजर ध्यानचन्द हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता रही स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा हरियाणा की टीम को ट्रॉफी प्रदान करते अतिथि।

केकड़ी, 30 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मेजर ध्यानचन्द हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता मंगलवार को सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा हरियाणा ने बेहद रोमांचक मुकाबले में रतनदीप हॉकी क्लब फूलियाकलां को 2-1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मुकाबले में रतनदीप फूलियाकलां के विजेंद्र सिंह राठौड़ मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने तेजतर्रार खेल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए पूरा पटेल मैदान दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। फाइनल मुकाबले के बाद समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खिलाड़ियों को हार से निराश एवं जीत से उत्साहित होने के बजाए बेहतर खेल दिखाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।

केकड़ी: मेजर ध्यानचन्द हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंचासीन अतिथि।

ये रहे अतिथि: समापन समारोह में तहसीलदार बंटी राजपूत मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भंवरलाल जगरवाल, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक भूरालाल वर्मा, समाजसेवी अमराव सिंह, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजमेर ममता धाकड़ व खेलकूद प्रकोष्ठ शारीरिक शिक्षा अजमेर संतोष व्यास विशिष्ट अतिथि तथा व्यवसायी संजीव शाह व राजीव शाह, एमएलडी संस्थान के निदेशक अनिरूद्ध दुबे एवं सनातन धर्म शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य आजाद कुमार चौबे भामाशाह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता सीबीईओ गोपीलाल कीर ने की। शुरुआत में अतिथियों ने मेजर ध्यानचन्द के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया।

विजेता व उप विजेता टीमों को किया सम्मानित: अतिथियों ने प्रतियोगिता में विजेता रही स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा हरियाणा की टीम के खिलाडियों को स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी एवं इक्यावन हजार रुपए एवं उप विजेता रही रतनदीप हॉकी क्लब फूलियाकलां की टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह, ट्रॉफी एवं इकतीस हजार रुपए नकद देकर सम्मानित किया। स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा हरियाणा के ठाकुर अभिनव को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। प्रतियोगिता के दौरान हुए मैचों में निर्णायक की भूमिका अदा करने वाले अंपायर राजेंद्र चौधरी (यमुनानगर), कर्मवीर (हिसार), सोनू राणा (हिसार) प्रीतम शबाना (सोनीपत), पवन कुमार (श्रीगंगानगर), सुधीर सेन (केकड़ी) व महावीर साहू (केकड़ी) को अतिथियों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

केकड़ी: मेजर ध्यानचन्द हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उप विजेता रही रतनदीप हॉकी क्लब फूलियाकलां की टीम को ट्रॉफी प्रदान करते अतिथि।

भामाशाहों ने दिया सहयोग: प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार की राशि स्वर्गीय महावीर शाह की स्मृति में मीना शाह, राकेश शाह, संजीव शाह व राजीव शाह एवं द्वितीय पुरस्कार की राशि चन्द्रप्रकाश दुबे, डॉ. अविनाश दुबे व अनिरुद्ध दुबे की ओर से दी गई। प्रतियोगिता के श्रेष्ठ खिलाड़ी को ट्रॉफी स्वर्गीय बनवारी लाल सेन व स्वर्गीय अभिषेक सेन की स्मृति में सत्यनारायण सैन व आत्माराम सैन की ओर से दी गई। विजेता व उपविजेता टीमों को दिए गए मोमेंटो सनातन धर्म शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय की ओर से उपलब्ध करवाए गए। मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार कमांडो चांद मोहम्मद की ओर से दिए गए।

केकड़ी: मेजर ध्यानचन्द हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के श्रेष्ठ खिलाड़ी बापोड़ा हरियाणा के ठाकुर अभिनव को सम्मानित करते अतिथि।

रोमांचक हुए सेमीफाइनल मुकाबले: मंगलवार को प्रात:कालीन सत्र में सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा हरियाणा ने ऑरेंज सिटी हैदराबाद को 6-1 से हराया, जिसमे मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बापोड़ा के जतीन को दिया गया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में रतनदीप हॉकी क्लब फूलियाकलां ने मुंबई पुलिस महाराष्ट्र को शूटआउट में 5-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में रतनदीप फूलियाकलां के गोलकीपर सोहेल मैन ऑफ द मैच रहे।

Exit mobile version