Site icon Aditya News Network – Kekri News

बार एसोसिएशन ने पेश की कौमी एकता की मिसाल, रोजेदारों के लिए रखी इफ्तार पार्टी

केकड़ी: बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में मौजूद न्यायिक अधिकारीगण व अधिवक्तागण।

केकड़ी, 18 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पवित्र रमजान माह के अवसर पर बार एसोसिएशन के तत्वावधान में रोजेदार अधिवक्ताओं के लिए न्यायालय परिसर में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। नमाज के पश्चात आयोजित इस कार्यक्रम ने आपसी सौहार्द, भाईचारे व सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश दिया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवीण कुमार वर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयमाला पानीगर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमेश करोल व न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभम गुप्ता अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई व सभी ने एक-साथ इफ्तार कर देश-प्रदेश में खुशहाली की कामना की।

केकड़ी: बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में रोजा खोलते रोजेदार।

इबादत व आत्मशुद्धि का पर्व: वरिष्ठ अधिवक्ता सलीम गौरी ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पवित्र महीना इबादत, संयम व आत्मशुद्धि का प्रतीक है। बार एसोसिएशन द्वारा मुस्लिम साथियों के लिए इफ्तार का आयोजन करना कौमी एकता की मजबूत नींव को दर्शाता है। वरिष्ठ अधिवक्ता चेतन धाभाई ने अधिवक्ता मनोज आहूजा की प्रेरणा से हुए इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत व अधिवक्ता मनोज आहूजा ने कहा कि यहां सभी धर्मों के अधिवक्ता एक परिवार की तरह रहते हैं। चाहे होली के रंग हों या ईद की खुशियां, यहाँ हर पर्व मिलकर मनाया जाता है। वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद हुसैन ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मकता का संचार करते हैं।

छह वर्षीय बालक की श्रद्धा: इस मौके पर अधिवक्ता रहीम गौरी के 6 वर्षीय पुत्र मोहम्मद राहत हसन ने भी रोजा रखा। इतनी कम उम्र में बालक की आस्था व श्रद्धा देखकर उपस्थित सभी अधिवक्ता व न्यायिक अधिकारी आश्चर्यचकित रह गए और बालक को आशीर्वाद देकर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। आयोजन में वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद हुसैन, सलीम गौरी, परवेज नकवी, रहीम गौरी, रेहान नकवी, फरीद खान, हाफिज मोहम्मद, समीर खान, इरफान मोहम्मद, आदिल कुरैशी के साथ बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, महासचिव समकित जैन, कोषाध्यक्ष रवि पंवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।

Exit mobile version