Site icon Aditya News Network – Kekri News

सावधान: मॉल का कर्मचारी बन ठग ने बिछाया जाल, मिठाई कारोबारी को दिया सस्ते तेल का झांसा, क्यूआर कोड भेज लगाया 35 हजार रुपए का चूना

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 15 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ठगों द्वारा आमजन व व्यापारियों को ठगने के लिए नित नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ताजा मामले में एक अज्ञात ठग ने सस्ते तेल के पीपे उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक मिठाई व्यापारी को 34 हजार 800 रुपए का चूना लगा दिया। पीड़ित व्यापारी ने इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को मिठाई व्यापारी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉलर ने स्वयं को रिलायंस मॉल का कर्मचारी बताया व दावा किया कि उसके पास नवंबर पैकिंग के तेल के पीपे काफी सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं। ठग ने अपनी बातों के जाल में व्यापारी को इस कदर उलझाया कि व्यापारी उसकी बातों में आ गया।

QR कोड भेजकर ऐंठे रुपए: व्यापारी ने 20 टिन तेल का सौदा तय किया। जिसके बाद ठग ने भुगतान के लिए एक QR कोड भेजा। झांसे में आकर व्यापारी ने उक्त कोड पर 34,800 रुपए की राशि ट्रांसफर कर दी। रुपए भेजने के काफी समय बाद तक जब तेल की डिलीवरी नहीं हुई तो व्यापारी को संदेह हुआ। जब व्यापारी ने कॉलर को वापस फोन किया, तो वह काफी देर तक टालमटोल व झांसेबाजी करता रहा। हद तो तब हो गई जब ठग ने पीड़ित व्यापारी को धमकी देते हुए कहा कि जो कर सको कर लो। इसके बाद से ही आरोपी का मोबाइल नंबर या तो बंद आ रहा है या वह फोन रिसीव नहीं कर रहा है। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस व साइबर सेल की मदद ली है।

ऑनलाइन ठगी से ऐसे बचें: इन दिनों ठग लुभावने ऑफर्स व फर्जी पहचान बताकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। सुरक्षित रहने के लिए हर व्यक्ति को इन बातों का ध्यान रखना चाहिए। अज्ञात कॉल पर भरोसा न करें: यदि कोई व्यक्ति खुद को किसी प्रतिष्ठित मॉल या कंपनी का कर्मचारी बताकर बंपर डिस्काउंटया सस्ते सामानका लालच दे, तो सतर्क हो जाएं। बिना जांचे भुगतान न करें: सामान की डिलीवरी मिलने व उसकी गुणवत्ता जांचने से पहले किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ऑनलाइन पैसा न भेजें।

QR कोड स्कैन करने में सावधानी: याद रखें, पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी QR कोड स्कैन करने या पिन (PIN) डालने की आवश्यकता नहीं होती। QR कोड का उपयोग केवल पैसा भेजने के लिए किया जाता है। आधिकारिक नंबर पर संपर्क करें: किसी भी ऑफर की पुष्टि करने के लिए संबंधित संस्थान के आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर या स्टोर पर जाकर जानकारी लें। तुरंत करें शिकायत: यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें व cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।

Exit mobile version