केकड़ी, 10 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी का सत्र 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण समारोह अजमेर रोड स्थित दी मंगलम गार्डन में आयोजित किया गया। समारोह में बहादुर सिंह शक्तावत को अध्यक्ष, रामनिवास जैन को सचिव एवं हीरालाल सामरिया को वित्त सचिव के पद की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि एवं भामाशाह भंवरलाल फतेहपुरिया, उत्तर पश्चिम क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, मध्य प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार के सदस्य मुकेश लाठी, निवर्तमान शाखा अध्यक्ष महेश मंत्री, शाखा सचिव दिनेश वैष्णव व वित्त सचिव भगवान माहेश्वरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

साझा की उपलब्धियां शुरुआत में निवर्तमान अध्यक्ष महेश मंत्री ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया। नई कार्यकारिणी में महिला सहभागिता संयोजक के रूप में अंजू विजय को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य सर्वेश विजय ने बताया कि इस वर्ष संगठन के कार्यों को पांच प्रमुख गतिविधियों – सेवा, संपर्क, पर्यावरण और संस्कार – में विभाजित किया गया है, जिनके संयोजक क्रमशः गोपाल लाल वर्मा, रामधन प्रजापत, किशन प्रकाश सोनी और आभा बेली को बनाया गया है।

सेवा कार्यों की सराहना विधायक शत्रुघ्न गौतम ने भारत विकास परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को बधाई दी। रीजनल महासचिव संदीप बाल्दी ने नव नियुक्त अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने 16 कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। समारोह का संचालन सर्वेश विजय ने किया। नवनियुक्त अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में परिषद के सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
