Thursday, June 19, 2025
Homeसामाजिकभारत विकास परिषद की प्रांतीय प्रकल्प कार्यशाला संपन्न, अजमेर-ब्यावर की 18 शाखाओं...

भारत विकास परिषद की प्रांतीय प्रकल्प कार्यशाला संपन्न, अजमेर-ब्यावर की 18 शाखाओं के 110 सदस्यों ने लिया भाग

केकड़ी, 01 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत द्वारा अजमेर व ब्यावर जिलों की शाखाओं के लिए प्रांतीय प्रकल्प कार्यशाला का आयोजन रविवार को केकड़ी में अजमेर रोड स्थित तुलसी मैरिज गार्डन में किया गया। इस कार्यशाला में दोनों जिलों की 18 शाखाओं से 110 दायित्ववान सदस्यों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य परिषद के लक्ष्यों और गतिविधियों को सुदृढ़ करना था। कार्यशाला को परिषद के उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए अरविंद गोयल व संस्कार क्षेत्रीय संयोजक किशन स्वरूप पाठक का मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम का मुख्य फोकस शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष व पांच प्रमुख गतिविधि संयोजकों – संपर्क, सेवा, संस्कार, महिला सहभागिता व पर्यावरण को सशक्त बनाना था।

दीप प्रज्वलन व वंदेमातरम से हुआ शुभारंभ: कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व वंदेमातरम गान के साथ हुआ। प्रथम सत्र का संचालन सर्वेश विजय व अमित चौकड़ीवाल ने किया। डॉ. सुरेश गाबा (प्रांतीय संयुक्त महासचिव-अजमेर) ने प्रकल्प कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सीए अरविंद गोयल ने परिषद के लक्ष्य, उद्देश्य व दर्शन पर विस्तार से चर्चा की। आनंद सिंह राठौड़ (प्रांतीय महासचिव) ने अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष की प्रभावी भूमिकाओं पर विचार साझा किए। द्वितीय सत्र में प्रशांत पाबुवाल (प्रांतीय संगठन सचिव) ने परिषद के संगठनात्मक स्वरूप, नियम-विनियम व बैठकों के प्रोटोकॉल की जानकारी दी। किशन स्वरूप पाठक ने परिषद की प्रमुख गतिविधियों जैसे सेवा, संस्कार, महिला सहभागिता और पर्यावरण विषयक कार्यों के प्रभाव की विवेचना की।

केकड़ी: भाविप की प्रांतीय प्रकल्प कार्यशाला में मौजूद प्रतिभागी।

समानांतर समूह में हुई चर्चा: तृतीय सत्र में दो समानांतर समूह चर्चाएं हुई। संगठनात्मक समूह में सीए अरविंद गोयल, आनंद सिंह राठौड़, प्रशांत पाबुवाल व अमित सोनी (प्रांतीय वित्त सचिव) के मार्गदर्शन में शाखा संचालन, वित्तीय प्रबंधन, सदस्यता विस्तार व भावी कार्यकर्ताओं की पहचान जैसे विषयों पर चर्चा हुई। गतिविधि समूह में किशनस्वरूप पाठक, राधेश्याम सोमानी (प्रांतीय अध्यक्ष) व प्रांतीय गतिविधि संयोजकों के मार्गदर्शन में गतिविधियों की योजना, सदस्य भागीदारी व नई पहलों पर केंद्रित चर्चा हुई। समापन सत्र का संचालन आनंद सिंह राठौड़ ने किया। इस दौरान दोनों समूहों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

सेवा गतिविधियों की सराहना की: शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि तृतीय सत्र में विधायक शत्रुघ्न गौतम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने परिषद की सेवा गतिविधियों की सराहना की तथा इसे समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि परिषद समाज के वंचित व जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए जो कार्य कर रही है वह वास्तव में अनुकरणीय है। शुरूआत में भाविप के पदाधिकारियों ने गौतम का गर्मजोशी से स्वागत किया। खुले सत्र में सीए अरविंद गोयल ने आगे का मार्गदर्शन किया। जिसके बाद राधेश्याम सोमानी (प्रांतीय अध्यक्ष) ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। केकड़ी शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत ने आभार जताया। कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES