केकड़ी, 14 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सिटी थाना इलाके में टोडारायसिंह मार्ग पर चौसला कॉलोनी के निकट शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तितरिया निवासी गोपीलाल (45) पुत्र रामदेव बलाई शुक्रवार रात फसल की कटाई कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान चौसला कॉलोनी के समीप एक अनियंत्रित टेंपो चालक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से तत्काल राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने मृत घोषित किया: अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए व दुर्घटना की जानकारी ली। शनिवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर टेंपो चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियों व एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है।

