केकड़ी, 23 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना क्षेत्र के बघेरा मार्ग पर देवलिया मोड के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की असामयिक मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान बघेरा निवासी सत्येन्द्र पंवार उर्फ श्याम (25) पुत्र विष्णु पंवार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्येन्द्र अपनी बाइक पर केकड़ी से बघेरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह देवलिया मोड के समीप हादसे का शिकार हो गया। काफी समय बाद राहगीरों की नजर झाड़ियों में पड़ी बाइक व शव पर गई। हादसे का पता चलते ही सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस के एएसआई किशनलाल व हैड कांस्टेबल कालूराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।
परिजन को सौंपा शव: पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया व शव को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि मृतक सत्येन्द्र शादीशुदा था व अपने पीछे एक भाई व एक बहन का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। जैसे ही हादसे की खबर बघेरा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है व ग्रामीण इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।

