केकड़ी, 30 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से दो युवकों के क्षत-विक्षत शव बरामद हुए। मृतक रिश्ते में साले-बहनोई थे, जो बीते 26 मार्च से लापता चल रहे थे। शवों की हालत और मौके के साक्ष्यों को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को सोमवार सुबह 11 बजे कुएं के पास से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। जब पास जाकर देखा गया, तो अंदर दो शव तैरते मिले। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान सुरेंद्र बागरिया (26) पुत्र पप्पू निवासी सूपा (केकड़ी) व विष्णु बागरिया (16) पुत्र रामेश्वर निवासी जैतपुरा के रूप में हुई है। पुलिस को कुएं के भीतर ही उनकी बाइक भी बरामद हुई है।

क्षत-विक्षत हालत में मिले शव: शवों को बाहर निकालने पर स्थिति काफी भयावह नजर आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव कई दिनों से पानी में होने के कारण फूल चुके थे। दोनों की आंखें बाहर निकली हुई थी व चेहरे और सिर पर खून के गहरे निशान मौजूद थे। ग्रामीणों व चश्मदीदों के अनुसार शरीर पर मिले चोट के निशान किसी संघर्ष या हमले की ओर इशारा कर रहे हैं। भिनाय थाने के एएसआई रामाकिशन ने बताया कि सुरेंद्र और उसका साला विष्णु 26 मार्च की शाम करीब 9 बजे बाइक लेकर घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि वे अष्टमी की पूजा का सामान लेने बाजार जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 27 मार्च को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य: घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर से एफएसएल (FSL)टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और कुएं के आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल दोनों शवों को भिनाय राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।


