Site icon Aditya News Network – Kekri News

साठ फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा सांड, ग्रामीणों में हड़कंप, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

केकड़ी: टांकावास में टंकी पर चढ़ा सांड।

केकड़ी, 13 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र के सावर उपखंड में टांकावास गांव में शनिवार को शाम पांच बजे के लगभग एक सांड पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। इस टंकी से पूरे गांव में पानी की सप्लाई होती है। सांड को पानी की टंकी पर देखकर गांव के लोगों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में टंकी के पास ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी‌। घटना की जानकारी मिलते ही सावर थाना पुलिस व पटवारी मौके पर पहुंचा। सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सांड को नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

केकड़ी: टांकावास में टंकी पर चढ़ा सांड।

सिविल डिफेंस की टीम को नहीं मिली सफलता: सिविल डिफेंस की टीम के सदस्य ज्यों ही सीढियों से सांड के पास जाने लगे तो सांड नीचे कूदने की कोशिश करने लगा। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम भी सांड से कुछ दूरी पर जाकर वापस लौट आई। उच्चाधिकारियों ने अजमेर से क्रेन की व्यवस्था की है। घटना के बाद भी दो घंटे तक मौके पर प्रशासन का कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा। हालांकि उपखंड अधिकारी आस्था शर्मा को जानकारी मिलते ही वे मौके के लिए रवाना हो गई।

रेस्क्यू में आ रही दिक्कत: देर शाम को अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। इतनी बड़ी घटना के बावजूद भी पशु चिकित्सा विभाग से मौके पर कोई नहीं पहुंचा है। ‌पटवारी भूपेंद्र खींची ने बताया कि क्रेन मनाने के लिए केकड़ी नगरपालिका ईओ को सूचना दी है। अजमेर से क्रेन आने के बाद ही सांड को लेकर नीचे उतारा जा सकेगा। उपखंड अधिकारी आस्था शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके के लिए रवाना हो गई है। अजमेर से क्रेन की व्यवस्था की गई है। सांड को नीचे उतारने के लिए हर संभव व्यवस्था की जा रही है।

Exit mobile version