केकड़ी, 06 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिलान्तर्गत सराना थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी का अपहरण कर अन्यत्र ले जाने, बंधक बनाने एवं दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के सुपरविजन में महिला अत्याचार के पेंडिंग प्रकरणों का अतिशीघ्र निस्तारण करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यह दी रिपोर्ट सराना थानाधिकारी विजय मीणा ने बताया कि गत 1 अप्रैल 2024 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मेरे भाई का परिवार दिल्ली में रहता है तथा दोनों भाईयों की नाबालिग पुत्रियां यहीं रहकर पढ़ाई करती है। गत 31 मार्च को दोनों लड़कियां मेरी मां के पास सो रही थी। सुबह करीब 4 बजे देखा तो दोनों घर पर नहीं थी। आस पड़ौस एवं रिश्तेदारी में तलाश किया। लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। पूछताछ में पता चला कि शिखरानी थाना बिजयनगर जिला ब्यावर निवासी मुकेश नाथ पुत्र बंशीनाथ एवं उसके अन्य साथी दोनों लड़कियों को ले जा सकते है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरु किया।
विशेष टीम का किया गठन अनुसंधान के दौरान पुलिस ने दोनों लड़कियों को दस्तयाब कर लिया तथा उनके बयानों के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर आरोपियों की तलाश शुरु की। पुलिस के अनुसार मुकेश नाथ मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा काफी प्रयासों के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबोचा टीम ने आसूचना व मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी मुकेश नाथ को धर दबोचा। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर केस की कड़ी से कड़ी जोड़ने का कार्य कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में सराना थानाधिकारी विजय मीणा, कांस्टेबल रणजोध, शिवप्रकाश व गिरधारी शामिल है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।