केकड़ी, 07 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां तीनबत्ती चौराहा स्थित तेलियान मंदिर में शनिवार को साहू महिला मंडल द्वारा फागोत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव के दौरान मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से सजाया गया व भगवान राधा-कृष्ण तथा बाबा श्याम की मनमोहक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। फागोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक होली गीतों पर भक्तिपूर्ण नृत्य किया। भगवान के जयकारों व होली के हुड़दंग के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

सांस्कृतिक व धार्मिक प्रस्तुतियां: इस दौरान महिला सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत ‘आज बिरज में होली रे रसिया‘, ‘होलिया में उड़े रे गुलाल‘ व ‘रंग में होली कैसे खेलूं रे सांवरिया‘ जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह फागुन के रंग में रंग दिया। इसके साथ ही ‘नैना नीचा करले श्याम ने रिझावणी‘ जैसे गीतों पर महिलाओं ने सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उत्सव के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे पर फूल व गुलाल लगाकर फागोत्सव की खुशियां बांटीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्य व श्रद्धालु उपस्थित रहे।


