केकड़ी, 30 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां देवगांव गेट स्थित गोशाला एवं जयपुर रोड स्थित गोशाला में गुरुवार को गोपाष्टमी का पर्व विविध आयोजनों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गोमाता की पूजा—आरती कर सुख समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने गायों को ओढणी ओढाई एवं गुड़ व बांटा खिलाया। गोपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। इसकी सेवा से जन्म जन्मांतर का पुण्य बंधन होता है। हिंदू सनातन संस्कृति में गाय सदा से पूजनीय रही है। मान्यता है कि गाय में 33 कोटि देवताओं का वास होता है।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर गोशाला समिति के अध्यक्ष मदनगोपाल चौधरी, पूरणमल कारिहा, छीतरमल शर्मा, शिवरतन मून्दड़ा, भंवरलाल फतेहपुरिया, आनन्द शारदा, राजेन्द्र फतेहपुरिया, चन्द्रप्रकाश विजय, सुरेन्द्र जोशी, किशन गोपाल शर्मा, पुरुषोत्तम काबरा, दिनेश काबरा, दुर्गेश राठी, ताराचंद रांका, विजय बियाणी, रामनारायण डांगा, सोमप्रकाश जेतवाल, दीपक दाधीच, एस.एन. न्याती, निरंजन चौधरी, विनय पाण्ड्या सहित कई महिला-पुरुष मौजूद रहे।

बढ़ते कदम गोशाला संस्थान: इसी प्रकार कादेड़ा रोड स्थित बढ़ते कदम गौशाला में गुरुवार को गोपाष्टमी पर्व पर गौपूजन का आयोजन किया गया। रामद्वारा अहमदाबाद के संत कीमतराम, संयमराम व तिलक राम के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गाय व बछड़े की पूजा की तथा गायों को हरा चारा, लापसी व गुड़ खिलाया। संत कीमत राम महाराज ने कहा कि गो माता की पूजा करने से नकारात्मकता दूर होती है तथा सकारात्मकता का संचार होता है। गोपाष्टमी के दिन भगवान कृष्ण व भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना से शांति, समृद्धि व धन संपदा का आगमन होता है।

रोली व चंदन से लगाया तिलक: इस दौरान श्रद्धालुओं ने गायों के रोली व चंदन से तिलक लगाया तथा उन्हें फूल, फल, धूपबत्ती आदि अर्पित कर उनकी पूजा की। गाय की पूजा के बाद ग्वालों को यथाशक्ति दक्षिणा एवं वस्त्र देकर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गौशाला के व्यवस्था प्रमुख आनंदीराम सोमानी, राजकीय पशु चिकित्सालय के वरिष्ट पशुधन प्रचारक अधिकारी रामसिंह चौधरी, अमित गर्ग, राकेश तोषनीवाल, राजेन्द्र बियानी, भगवान शाक्य, पूजा गर्ग आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गोशाला के सदस्य व आमजन मौजूद रहे।
 
            
 
                                    