Site icon Aditya News Network – Kekri News

महर्षि पाराशर जयंती पर शोभायात्रा में गूंजे जयकारे, अतिथियों व वरिष्ठजन का किया सम्मान, भजनों की स्वर लहरियों के साथ सुंदरकांड पाठ

केकड़ी: महर्षि पाराशर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा।

केकड़ी, 07 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पारीक समाज विकास समिति केकड़ी के तत्वावधान में मंगलवार को समाज के आराध्य महर्षि पाराशर जी की जयंती का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया गया। समस्त कार्यक्रम समिति अध्यक्ष महेंद्र पारीक की अध्यक्षता में संपन्न हुए, जिसमें समाज के हर वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति के मीडिया प्रभारी सुधीर पारीक ने बताया कि जयंती समारोह के तहत सोमवार रात्रि को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। जिसमे विजय पारीक व सुधीर पारीक ने सुंदरकांड की चौपाईयों का वांचन किया। समिति के संरक्षक कैलाश चंद पारीक ने महर्षि पाराशर की जीवनी व उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

केकड़ी: महर्षि पाराशर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा।

पुष्पवर्षा से किया शोभायात्रा का स्वागत: मंगलवार को पारीक संस्थान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें घोड़ी, बग्गी, ढोल, बैंड व झंडों के साथ समाज के युवा, बुजुर्गों व महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा पारीक संस्थान से प्रारंभ होकर सापंदा रोड, जूनियां गेट, घंटाघर, खिड़की गेट, बड़ पिपलेश्वर, अस्पताल रोड, तीनबत्ती चौराहा होते हुए वापस संस्थान पहुंची। यात्रा के दौरान ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

वरिष्ठजनों व अतिथियों का सम्मान: इस अवसर पर पारीक संस्था भवन में अतिथि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व अतिथियों का माल्यार्पण व उपरना पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। इस दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का विशेष स्वागत व सम्मान किया गया। इस दौरान कई समाजबंधुओं ने समाज हित में अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन महावीर प्रसाद पारीक व रमेश चंद पारीक ने संयुक्त रूप से किया।

केकड़ी: महर्षि पाराशर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाज की महिलाएं।

महाआरती के साथ हुआ समापन: शोभायात्रा के बाद पंडित रामचरण शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन सभी पारीक बंधुओं द्वारा महाप्रसादी ग्रहण करने के साथ हुआ। कार्यक्रम में रतनलाल पुरोहित, जगदीश पारीक, प्रमोद पारीक, ज्ञानेश्वर व्यास, योगेंद्र पारीक, विष्णु प्रकाश पारीक, रूपेंद्र पारीक, संपत पारीक, युवा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश पारीक, सिद्धार्थ पारीक, देवराज पारीक, राहुल पारीक, प्रफुल्ल पारीक, सोनू पारीक, रोहन पारीक, लोकेश पारीक सहित सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version