केकड़ी, 20 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को मालपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम के पिता स्वर्गीय नंदकिशोर शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक के आवास पर स्व. नंदकिशोर शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं उनके परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिजनों को इस असहनीय वज्रपात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत: इससे पहले मुख्यमंत्री के हेलीपैड पर पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इस मौके पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, देवली–उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई–पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, टोंक के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी पहुंची: इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी विधायक शत्रुघ्न गौतम के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने स्व. नंदकिशोर शर्मा के व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की एवं परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। इस मौके पर स्वर्गीय नंदकिशोर शर्मा के पुत्र विधायक शत्रुघ्न गौतम, कमलेश गौतम, राकेश गौतम व राजेश गौतम एवं पौत्र पंकज, भरत, पूजित, शाश्वत व यतीन्द्र सहित अन्य परिवारजन, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


