Site icon Aditya News Network – Kekri News

दिनदहाड़े फायरिंग से दहला शहर: व्यापारी को दुकान में घुसकर मारी गोली, अजमेर रेफर, पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद, मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

केकड़ी: फायरिंग की घटना के बाद जांच पड़ताल करती शहर थाना पुलिस एवं मौके पर जमा भीड़।

केकड़ी, 07 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र अजमेरी गेट पर बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक प्रिंटिंग प्रेस मालिक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। गोली व्यापारी के पेट व हाथ में लगी है। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई तथा दहशत के कारण व्यापारियों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेरी गेट स्थित अम्बिका प्रिन्टर्स के मालिक महेन्द्र साहू (50) पुत्र दुर्गालाल साहू का केकड़ी निवासी अजय साहू के साथ काफी समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।

केकड़ी: फायरिंग की घटना में घायल महेन्द्र का उपचार करते चिकित्साकर्मी।

क्या है मामला: बुधवार शाम करीब 4 बजे अजय साहू अपने कुछ साथियों के साथ महेन्द्र की दुकान पर पहुंचा। वहां दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अजय ने पिस्टल निकाल कर महेन्द्र पर 2 फायर कर दिए। एक गोली महेन्द्र के पेट में एवं एक हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे मुख्य आरोपी अजय साहू को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मौके से ही दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने बाद में डिटेन कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को भी जब्त किया है।

मौके पर पहुंचे पुलिस के उच्चाधिकारी: घायल महेन्द्र को स्थानीय लोगों ने तुरंत राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अजमेर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। एएसपी राजेश मील ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर रंजिश है। पूर्व में भी दोनों पक्षों की ओर से मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं।

केकड़ी: फायरिंग के बाद मौके पर पड़ा कारतूस का खोल।

पूर्व में भी हो चुकी है मारपीट की घटनाएं:  सूत्रों के अनुसार यह विवाद पिछले कई दिनों से गहराया हुआ था। कुछ दिन पहले पीड़ित के छोटे पुत्र पर भी हमला हुआ था। पूर्व में हुई मारपीट की घटनाओं के बावजूद ठोस समाधान न होने के कारण बुधवार को मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसी के साथ पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया तथा वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल थे।

Exit mobile version