केकड़ी, 14 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मंडल के तत्वावधान में समर्पण दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बूंदी से आए संत नजीर अहमद के सान्निध्य में यहां अजमेर रोड स्थित सत्संग भवन में विशाल सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें केकड़ी व आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे। मीडिया सहायक रामचंद टहलानी ने बताया कि संत नजीर अहमद ने अपने सारगर्भित प्रवचनों से उपस्थित संगत को आत्मचिंतन की ओर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने वर्तमान कर्मों के आधार पर ही अपने भविष्य की नींव रखता है। इसलिए, यह हमारा परम कर्तव्य है कि हम अपने जीवन को नेक और शुभ कर्मों से सजाएं, जिससे न केवल इस लोक में बल्कि परलोक में भी हमें सुख और शांति की प्राप्ति हो सके। उनके वचनों ने श्रद्धालुओं को गहराई तक प्रभावित किया और उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिली।

त्याग, प्रेम व सेवा का दिया संदेश इस अवसर पर केकड़ी ब्रांच के मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी समर्पण दिवस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा हरदेव सिंह महाराज की पुण्य स्मृति पर एक विशाल वर्चुअल संत समागम का आयोजन किया गया। जिसमे सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के सान्निध्य में देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वर्चुअल सत्संग में सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज ने अपने दिव्य संदेश में बाबा हरदेव सिंह महाराज के त्याग, प्रेम, सेवा और शिक्षाओं से परिपूर्ण जीवन का स्मरण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सभी को अपने जीवन में भक्ति और समर्पण के भाव को आत्मसात करना चाहिए। यह समर्पण केवल कहने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारे हर कार्य और व्यवहार में झलकना चाहिए।
