Thursday, March 19, 2026
Homeराजनीतिगैस सिलेंडर की कीमतों में उछाल के विरोध में कांग्रेस का हल्ला...

गैस सिलेंडर की कीमतों में उछाल के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, पूर्व मंत्री रघु शर्मा बोले-जनादेश का अपमान कर रही सरकार, 700 रुपए की जूती पहनाकर जिला ले गए मुख्यमंत्री

केकड़ी, 18 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों में उछाल व जिले का दर्जा समाप्त करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा व देहात जिलाध्यक्ष विकास चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई व पुतला दहन किया गया। पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने सरकार व स्थानीय विधायक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के संघर्ष व हस्ताक्षरों के बाद बने जिले को समाप्त करना जनता के साथ बड़ा अन्याय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 700 रुपए की जूती पहनाकर मुख्यमंत्री जिला ले गए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मापदंडों में कमी थी तो उसे दूर किया जाना चाहिए था, न कि पूरा जिला ही खत्म कर देना चाहिए था।

केकड़ी: कांग्रेस की बैठक में मंचासीन डॉ. रघु शर्मा व विकास चौधरी।

विकास कार्यों व भ्रष्टाचार के आरोपों पर घेरा: डॉ. शर्मा ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने व कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अजगरा चरागाह प्रकरण व शिलालेख विवाद पर स्पष्ट किया कि यदि भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो सरकार जांच करवाए, सच सामने आ जाएगा। उन्होंने कांग्रेस शासन में हुए मेडिकल कॉलेज, रिंग रोड व अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सभा को पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी आदि ने भी संबोधित किया।

केकड़ी: बैठक में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता।

आमजन की कमर तोड़ रही महंगाई: देहात जिलाध्यक्ष विकास चौधरी ने केंद्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो नेता पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर हंगामा करते थे, वे आज सत्ता में बैठकर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन व विधायक पर बजरी माफियाओं के साथ मिलीभगत व भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू, पूर्व प्रधान सीमा चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटेल मैदान से अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय तक शव यात्रा निकाल कर पुतला दहन किया।

RELATED ARTICLES