Site icon Aditya News Network – Kekri News

बापू के बलिदान दिवस पर कांग्रेस का धरना: केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मनरेगा नीतियों में बदलाव का किया विरोध

केकड़ी: पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर धरना देते कांग्रेसजन।

केकड़ी, 30 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सांकेतिक धरना दिया गया। पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में किए गए बदलावों का विरोध किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शक्तावत ने महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में शुरू की गई मनरेगा का मूल उद्देश्य गरीब परिवारों को रोजगार की सुरक्षा देना था, लेकिन नए कानूनों के कारण यह योजना अब कमजोर होती जा रही है।

योजना के वित्तिय ढांचे पर की चर्चा: नगर अध्यक्ष हेमंत जैन ने योजना के वित्तीय ढांचे पर चर्चा करते हुए बताया कि नई व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार ही फंड व कार्यों की रूपरेखा तय करेगी, जिससे स्थानीय ग्राम सभाओं व ग्राम पंचायतों की स्वायत्तता और भूमिका सीमित हो जाएगी। पूर्व में मनरेगा का 90 प्रतिशत बजट केंद्र सरकार व 10 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता था। केंद्र की नई नीतियों के कारण अब राज्य सरकार पर 40 प्रतिशत खर्च का भार डाला जा रहा है जिससे राज्यों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा। संचालन ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रतन पंवार ने किया।

इन्होंने भी रखे विचार: धरने को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पूर्व प्रधान सीमा चौधरी, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षा रियासिंह चौधरी, संगठन महासचिव रमेश पारीक, नगर उपाध्यक्ष रामलाल कटारिया, प्रभुलाल जाग्रत, पार्षद नवल दाधीच सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष रोहित सिंह चौहान, महासचिव इन्साफ अली सोरगर, महासचिव सरफराज गौरी, कुंदन देवतवाल, राजेश मेघवंशी, नोरत रेगर, नगर सचिव यासीन, दशरथ सिंह भराई, पूर्व सरपंच रेखा जादम, मोहन माली, सुरेश शर्मा, राजेंद्र टांक, सत्यनारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version