Site icon Aditya News Network – Kekri News

दीक्षांत व पुरस्कार वितरण समारोह: कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी भावभीनी विदाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

केकड़ी: श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में मौजूद विद्यार्थी व अतिथिगण।

केकड़ी, 09 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में सत्र 2025-26 का दीक्षांत व पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई व विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत सरस्वती पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बृजराज शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, ईमानदारी व सतत सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे ने संस्थान के विकास में शिक्षकों व विद्यार्थियों की भूमिका को रेखांकित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन: समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसमें आयो रे आयो रे शुभ दिनसामूहिक नृत्य, ‘लुक छुप ना जाओएकल नृत्य व घूमरगीत सहित विभिन्न पैरोडी नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 11 की छात्राओं ने अतिथियों का सत्कार किया, वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने विचार प्रकटीकरणके माध्यम से विद्यालय के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।

केकड़ी: श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में मौजूद विद्यार्थी व अतिथिगण।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान: पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कला, विज्ञान व कृषि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को गणवेश, स्वच्छता, उपस्थिति व अनुशासन के लिए विशेष स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कला संकाय में आरती शर्मा को गणवेश व स्वच्छता, गौतम धोबी को उपस्थिति व अनुशासन, विज्ञान वर्ग में सुनील चौधरी को गणवेश व स्वच्छता, हिंदू बाला शर्मा को उपस्थिति व अनुशासन, कृषि विज्ञान संकाय में युवराज चौधरी को उपस्थिति व अनुशासन एवं रौनक शक्तावत को गणवेश व स्वच्छता के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को स्मृति स्वरूप उपहार भेंट किए गए।

Exit mobile version