केकड़ी, 11 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान की भजनलाल सरकार द्वारा विधानसभा में पेश किए गए बजट में क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। डिप्टी सीएम दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट में मिनी सचिवालय की स्थापना सहित सड़क, पुलिया व सिंचाई परियोजनाओं के लिए बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होगा। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बजट पर खुशी जताते हुए इसे आमजन के हित में बताया है। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सिंचाई परियोजनाओं के पुनरुद्धार से किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा। मिनी सचिवालय बनने से सरकारी कार्यालय एक ही छत के नीचे आएंगे, जिससे जनता के प्रशासनिक कार्य तेजी से होंगे। गौतम ने बजट में केकड़ी को दी गई सौगातों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार जताया है।
बजट में केकड़ी को मिली सौगातें: वित्त मंत्री ने बजट में क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। बिजयनगर से केकड़ी सड़क निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए, गुलगांव-मेहरूकलां-बिसुन्दनी सड़क व पुलिया निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपए एवं शेरगढ़ से जीवनपुरा पुलिया निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 95 लाख रुपए मंजूर किए गए है। इसी के साथ क्षेत्र के प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के लिए केकड़ी में मिनी सचिवालय बनाने की घोषणा की गई है। ऐतिहासिक महत्व के सरवाड़ किले के संरक्षण व जीर्णोद्धार कार्य के लिए 4.5 करोड़ रुपए आवंटित किए गए है। कृषि व पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मदन सरोवर, धानवा बांध व नहरों की मरम्मत तथा जीर्णोद्धार कार्य के लिए 10 करोड़ रुपए की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।

