Site icon Aditya News Network – Kekri News

जनसमस्याओं के समाधान की मांग: आरएलपी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

केकड़ी: रैली निकाल कर प्रदर्शन करते आरएलपी कार्यकर्ता।

केकड़ी, 27 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी को जिला बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले आरएलपी कार्यकर्ता ढंड का रास्ता स्थित सिखवाल धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में रवाना होकर जूनिया गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। उपखंड कार्यालय पर एसडीएम की अनुपस्थिति में उनका रीडर ज्ञापन लेने पहुंचा तो कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने एसडीएम या अन्य सक्षम अधिकारी को ही ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बताया गया कि एसडीएम सहित अन्य अधिकारी अजमेर में प्रधानमंत्री के दौरे की ड्यूटी में व्यस्त थे। करीब एक घंटे बाद टांटोटी तहसीलदार मौके पर पहुंचे व ज्ञापन स्वीकार लिया। जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

ज्ञापन में लिखी विभिन्न मांगें: ज्ञापन में केकड़ी को भौगोलिक व राजस्व दृष्टि से जिला बनाने योग्य बताते हुए लिखा कि केकड़ी आसपास के जिला मुख्यालयों से 100 से 120 किलोमीटर दूर है, जिससे आमजन को प्रशासनिक कार्यों में परेशानी होती है। इसके अलावा जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों, धूल प्रदूषण, अजमेर-कोटा व जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे की खराब स्थिति के बावजूद टोल वसूली, फसल बीमा क्लेम में देरी, बजरी माफिया का आतंक, ओवरलोड वाहनों से क्षतिग्रस्त सड़कें, पाइपलाइन कार्य के बाद मरम्मत में लापरवाही, जिला चिकित्सालय में स्टाफ की कमी, सफाई व्यवस्था की बदहाली तथा अव्यवस्थित यातायात जैसी समस्याएं भी उठाई गईं। किसान पथ की हाल ही में बनी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की जांच की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। आरएलपी ने चेतावनी दी कि एक माह में मांगों का समाधान नहीं होने पर केकड़ी में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मौके पर आरएलपी के अजमेर संभाग प्रभारी प्रभाती लाल जाट, जिला प्रभारी सीताराम चौधरी, रामावतार सिखवाल, राजेन्द्र चौधरी, लक्ष्मण वैष्णव, रामराज चौधरी, खुशीराम चौधरी, नंदलाल गुर्जर, देबीलाल गुर्जर, सतपाल चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version