केकड़ी, 28 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला बार एसोसिएशन द्वारा न्यायालय परिसर में अवकाश होने के बावजूद 28 तारीख को ‘ब्लैक डे‘ के रूप में मनाया गया। राजस्थान सरकार द्वारा जिले का दर्जा समाप्त किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर पुनः जिला बनाने की पुरजोर मांग की। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट सीताराम कुमावत ने बताया कि 28 दिसंबर 2024 को सरकार द्वारा जिले का दर्जा छीने जाने के बाद से ही अधिवक्ता समाज में गहरा रोष है। इसी क्रम में हर महीने की 28 तारीख को बार एसोसिएशन द्वारा न्यायालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाता है व सरकार से शीघ्र ही जिला बहाल करने की अपील की जाती है।
जिले की आवश्यकता पर दिया बल: शनिवार को न्यायालय में अवकाश होने के बावजूद बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की व राष्ट्र निर्माण में जिले की आवश्यकता पर बल दिया। इस मौके पर महासचिव समकित जैन, उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, कोषाध्यक्ष रविशंकर पंवार, सदस्य विजेंद्र पाराशर, वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत जैन, गजराज सिंह कानावत, लक्ष्मी चंद मीणा, सीताराम गुप्ता, परवेज नकवी, आसिफ हुसैन, कमलेश शर्मा, नरेन्द्र लोधा, प्रहलाद वर्मा, नरेंद्र जैन, दिनेश पारीक, डीएल वर्मा, केदार चौधरी, विष्णु कुमार साहू, रमेश मीणा, सुरेन्द्र सिंह पंवार व रोहिंत सिंह सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

