केकड़ी, 14 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लोक अदालत का यही है सार, ना किसी की जीत ना किसी की हार की भावना के साथ शनिवार को केकड़ी स्थित न्यायालयों में इस वर्ष की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रकरणों के आपसी सुलह व राजीनामे से निस्तारण के लिए दो अलग-अलग बेंचों का गठन किया गया। प्रथम बेंच की अध्यक्षता अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-02 प्रवीण कुमार वर्मा ने की, जिसमें पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार आहुजा सदस्य के रूप में रहे। वहीं द्वितीय बेंच के अध्यक्ष सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभम गुप्ता व सदस्य पैनल अधिवक्ता सुरेन्द्र सिंह पंवार रहे।
कुल 270 प्रकरणों का हुआ निस्तारण: इसी के साथ राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के लिए उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। लोक अदालत में न्यायालय की दोनों बेंचों ने मिलकर कुल 154 न्यायालयीन प्रकरणों का निस्तारण किया, जिनमें 2,15,71,700 रुपए (दो करोड़ पन्द्रह लाख इकहतर हजार सात सौ रुपए) के अवार्ड पारित किए गए। इसी प्रकार बैंकों व ए.वी.एन.एल. के प्री-लिटिगेशन के 116 प्रकरणों का भी सफल निस्तारण हुआ। जिसमें कुल 1,41,51,840 रुपए के अवार्ड पारित कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
इन्होंने किया सहयोग: इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव जितेन्द्र लखारा सहित न्यायिक कर्मचारी दिनेश कुमार गोयल, आशाराम कुमावत, राकेश लोरा, मनीष कुमार उमरिया, अमरचन्द्र खटीक, अभिषेक कायत, कुलदीप सिंह, भागचंद मीणा व अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत, अधिवक्ता हेमन्त जैन, लोकेश शर्मा, रामअवतार मीणा, अजय पारीक, दशरथ सिंह कांदलोत, मुकेश शर्मा, नितिन जोशी, भैरूसिंह राठौड, आशुतोष शर्मा, मुकेश गढ़वाल, कन्हैयालाल मेवाड़ा व अन्य विद्वान अधिवक्ताओं का सहयोग प्रशंसनीय रहा।

