Homeशासन प्रशासनअटल जन सेवा शिविर में जिला कलक्टर ने सुनीं जनसमस्याएं; त्वरित निस्तारण...

अटल जन सेवा शिविर में जिला कलक्टर ने सुनीं जनसमस्याएं; त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

केकड़ी, 09 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला कलक्टर लोक बन्धु ने उपखण्ड स्तर पर आयोजित अटल जन सेवा शिविर के अंतर्गत जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अजगरा क्षेत्र में हैण्डपम्प मरम्मत से जुड़ी परिवेदना प्राप्त हुई। इस पर जिला कलक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्पों की वस्तुस्थिति रिपोर्ट 7 दिन के भीतर फील्ड ऑफिसर्स से मंगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन रिपोर्टों का भौतिक सत्यापन स्थानीय पटवारी द्वारा किया जाएगा ताकि पेयजल व्यवस्था सुचारु रहे।

युवा सम्बल योजना व पेंशन प्रकरणों की समीक्षा: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरा में युवा सम्बल योजना से संबंधित प्राप्त शिकायत पर कलक्टर ने प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत लगे युवाओं की सेवाओं का उपयोग सार्थक व जनहित के कार्यों में सुनिश्चित किया जाए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि पेंशनभोगी की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते ही पेंशन रोकने की प्रक्रिया तुरंत अमल में लाई जाए। इसके लिए प्रति माह जारी होने वाले मृत्यु प्रमाण पत्रों की सूची संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अपात्र होने के बाद भी पेंशन का भुगतान न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति: आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए अप्रैल माह के द्वितीय गुरुवार को जिले के समस्त ब्लॉक स्तर पर इन शिविरों का आयोजन किया गया। केकड़ी में आयोजित इस महत्वपूर्ण शिविर के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी व उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES