Homeराजनीतिसमीक्षा बैठक में जिला कलक्टर लोकबंधु व विधायक शत्रुघ्न गौतम ने परखी...

समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर लोकबंधु व विधायक शत्रुघ्न गौतम ने परखी विकास कार्यों की गति; पेयजल संकट व बजट घोषणाओं पर दिए कड़े निर्देश

केकड़ी, 09 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में गुरुवार को अटल सेवा केन्द्र सभागार में विभागीय योजनाओं, फ्लैगशिप कार्यक्रमों व बजट घोषणाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। जिला कलक्टर ने आगामी गर्मी के मद्देनजर पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्प कार्यशील रहने चाहिए, जिसके लिए आगामी 7 दिन में ठोस कार्य योजना बनाकर कार्य शुरू किया जाए। साथ ही, ‘समर कन्टेन्जेन्सी प्लानके तहत स्वीकृत सभी कार्यों को 30 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्र शेखर भण्डारी को सौंपी गई है।

विधायक गौतम ने उठाए जनहित के मुद्दे: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने राजकीय जिला चिकित्सालय सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से स्टाफ तैनात करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने हरपुरा में सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने तथा लल्लाई व हरपुरा में आवश्यकतानुसार बाईपास बनाने का सुझाव दिया ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा हो। साथ ही विद्यालयों के कक्षा-कक्षों की मरम्मत विभिन्न कोषों से कराने की बात कही।

सड़क मरम्मत व विभागीय समन्वय: सम्पर्क पोर्टल पर पेयजल से संबंधित शिकायतों के तत्काल निस्तारण पर जोर देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत 7 दिन के भीतर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाले संवेदकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, विद्युत लाइनों को सड़क सीमा से बाहर लगाने व पाइप लाइन बिछाने से पूर्व अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बजट घोषणाओं व अतिक्रमण पर सख्त रुख: बैठक में बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कलक्टर ने भूमि आवंटन व बजट स्वीकृति के बाद तुरंत निविदा जारी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि केकड़ी में मिनी सचिवालय के लिए आवंटित भूमि से एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाया जाए। चारागाह क्षेत्रों से अतिक्रमण मुक्त कराकर आगामी मानसून में पौधारोपण किया जाए। क्षेत्र में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए निकटवर्ती चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता दी जाए। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ राम प्रकाश, एडीएम चन्द्र शेखर भण्डारी, एसडीएम दीपांशु सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES