केकड़ी, 04 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने बुधवार को केकड़ी क्षेत्र का दौरा कर प्रशासनिक व पुलिस व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने औपचारिक स्वागत किया। एडीएम कार्यालय परिसर में पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दौरे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने संभागीय आयुक्त को क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। पुलिस अधिकारियों ने हाल ही में घटित अपराधों, उनकी जांच की प्रगति, गिरफ्तारी की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
संवेदनशील मामलों पर रखें विशेष निगरानी: इसके बाद संभागीय आयुक्त ने एडीएम कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में एडीएम चंद्रशेखर भंडारी एवं उपखंड अधिकारी दीपांशु सागवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की गई। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
प्राथमिकता से हो राजस्व मामलों का समाधान: दौरे के अगले चरण में संभागीय आयुक्त उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, आमजन को समय पर राहत उपलब्ध कराने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने उपखंड अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि राजस्व से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो तथा पक्षकारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
राजकीय जिला चिकित्सालय का किया दौरा: इसके बाद संभागीय आयुक्त ने राजकीय जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। पीएमओ डॉ नवीन जांगीड़ से चिकित्सा व्यव्स्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए संभागीय आयुक्त ने कहा कि राजकीय जिला अस्पताल में सभी तरह की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई है। अस्पताल में करीब 2500 के लगभग ओपीडी है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी तरह की कोई खामी नहीं मिली। इस अवसर पर तहसीलदार बंटी राजपूत एवं अधिशासी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

